भोपाल से दीपेश वर्मा की रिपोर्ट। पंचायत इंडिया न्यूज़
भोपाल। मध्यप्रदेश में किसानों को अपना गेहूं समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए अभी और इंतजार करना होगा. राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदने की तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है. गेहूं खरीदी अब 10 अप्रैल से की जाएगी. 10 अप्रैल से भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर और उज्जैन संभाग में गेहूं की खरीदी शुरू होगी, जबकि बाकी संभागों में 15 अप्रैल से खरीदी शुरू होगी. इसका निर्णय सरकार द्वारा गेहूं खरीदी के लिए गठित कैबिनेट मंत्रियों की समिति द्वारा लिया गया है.

प्रदेश में गेहूं खरीद की तारीख तीसरी बार बढ़ाई गई है. प्रदेश में पहले 1 फरवरी से गेहूं की खरीद शुरू होनी थी लेकिन बाद में इसकी तारीख बदलकर 16 मार्च कर दी गई थी, लेकिन बाद में इस तारीख में भी संशोधन कर दिया गया था. इसके बाद 1 अप्रैल से गेहूं खरीद की तारीख तय की गई थी. अब राज्य सरकार ने एक बार फिर इसकी तारीख में बदलाव कर दिया है. गेहूं खरीदी अब 10 अप्रैल से की जाएगी. लगातार गेहूं खरीद की तारीख बढ़ाए जाने के पीछे वारदाने की कमी मुख्य वजह बताई जा रही है. उधर लगातार तारीख बढ़ाए जाने को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है.
उधर कांग्रेस ने गेहूं खरीद की तारीख बढ़ाए जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि “सरकार द्वारा लगातार तारीख बढ़ाए जाने से किसानों को अब कर्ज लेना पड़ रहा है. 15 अप्रैल से विवाह मुहूर्त शुरू होने जा रहे हैं. किसानों के घरों में भी शादियां हैं, लेकिन गेहूं की बिक्री न होने से उनके लिए संकट खड़ा हो गया है.
खुले बाजार में गेहूं का दाम समर्थन मूल्य से 500 रुपए प्रति क्विंटल कम मिल रहा है. किसानों को या तो कम कीमत पर अपना अनाज बेचना पड़ रहा है या फिर कर्ज लेना पड़ रहा है. कांग्रेस ने सरकार से जल्द से जल्द खरीद शुरू करने की मांग की है.”
