महिला आरक्षण बिल के समर्थन में भोपाल में बीजेपी ने निकाली जन आक्रोश रैली, विपक्ष पर बोला हमला, महिलाएं नहीं भूलेंगी अपना अपमान, पंचायतों तक जाएगा आक्रोश

भोपाल से दीपेश वर्मा की रिपोर्ट। पंचायत इंडिया न्यूज़

भोपाल। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास न होने के विरोध में मध्य प्रदेश बीजेपी द्वारा जन आक्रोश महिला पद यात्रा निकाली गई. भोपाल के एमवीएम कॉलेज ग्राउंड से निकाली गई इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित मंत्री, सांसद शामिल हुए. यात्रा के पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान नहीं भूलती. संसद में बहनों के हक पर डाका डालने का जो काम किया गया है, उसके खिलाफ भोपाल की सड़कों पर वह लड़ने आई है. इसको लेकर जल्द ही सरकार एक दिन का सत्र भी बुलाने जा रही है.

भोपाल के एमवीएम कॉलेज ग्राउंड में जन आक्रोश सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “कांग्रेस, डीएमके और उनके साथ की पार्टियों ने बहनों के हक पर डाका डालकर वे अपने मंसूबे कभी पूरे नहीं कर सकते. भोपाल की सड़कों पर बहनें अपने हक के लिए लड़ने आईं हैं. हमारा तो इतिहास है कि बहनों के हक के लिए हमेशा भाईयों ने लड़ाईयां लड़ी हैं. राजा राममोहन राय ने सती प्रथा के खिलाफ लड़ाई लड़ी. ज्योतिबा फुले ने नारी समानता के लिए लड़ाई शुरू की. डॉ. भीम राव अंबेडकर ने बहनों को अधिकार दिलाने का काम किया. पार्टी ने चाहा था कि महिलाओं को हक दिलाने के सभी दल मिलकर समर्थन करेंगे.

देश की आधी आबादी के इच्छाओं का गला घोंटने वालों को कब्र से निकालकर सजा दिलाई जाएगी. उनको यह बहनें माफ नहीं करेंगी. कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को शर्म आनी चाहिए जो कहती थी कि नारी हूं लड़ सकती हूं, अब उनकी वह बातें कहां गई, जब महिलाओं के अधिकार को फांसी दिलाने का काम किया है. प्रियंका-राहुल गांधी के पिता ने 40 साल पहले तीन तलाक लगाकर उनके अधिकारों पर डाका डाला था. मुख्यमंत्री ने कहा कि आक्रोश यात्रा के अलावा सभी नगरीय निकायों में निंदा प्रस्ताव पास किया जाएगा. विधानसभा का भी एक दिन का सत्र बुलाकर निंदा प्रस्ताव पास कराया जाएगा. हम विपक्ष को छोड़ेंगे नहीं.”

मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि “आज का यह आक्रोश सिर्फ नाराजगी का प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी की आवाज का बुलंदीकरण भी है. यह हमारे आत्मसम्मान की पुकार है. देश की महिलाएं अपने अपमान का बदला आने वाले चुनाव में कांग्रेस से लेगी.” पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने कहा “विपक्ष के इस फैसले को लेकर बहनों में बहुत नाराजगी है. महिलाओं को 2029 से मिलने वाले अवसर को कांग्रेस ने विपक्षी पार्टियों के साथ मिलकर रोकने का काम किया है.”

कार्यक्रम में बीजेपी की महिला सांसद, महिला मंत्रियों के अलावा बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं. कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि “बहनों का अधिकार सैकड़ों साल बाद मिलने वाला था, लेकिन उनके सपने को विपक्ष ने तोड़ने का काम किया है. बहनों की नाराजगी हर पंचायत से लेकर शहरों तक दिखाई देना चाहिए. बहनों के सपनों के कुचलने का काम कांग्रेस और विपक्ष की पार्टियों ने किया है.” कार्यक्रम के बाद एमवीएम कॉलेज ग्राउंड से महिला आक्रोश यात्रा निकाली गई. इसमें मुख्यमंत्री सहित महिला मंत्री, सांसद सहित महिला कार्यकर्ता शामिल हुई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!