ब्यूरो रिपोर्ट विदिशा। पंचायत इंडिया न्यूज़
विदिशा। मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को विदिशा पहुंचे. यहां कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से फूल वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान खंडेलवाल ने जिला कार्यालय में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लिया और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक विभिन्न योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया. इस दौरान खंडेलवाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि युद्ध की वजह से फसल खरीदी में थोड़ा देरी हुई है, कांग्रेस की सरकार में कितनी फसल की खरीदी होती थी.
मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा, “राज्य सरकार द्वारा गेहूं खरीदी की तारीख 10 अप्रैल तय की गई थी, लेकिन कुछ तकनीकी और वैश्विक कारणों के चलते इसमें हल्की देरी हुई. कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित सभी लोगों को यह जानकारी है कि ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल का युद्ध चल रहा है. जिसके चलते पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है. इसी कारण जूट से बनने वाले बारदानों की सप्लाई में भी कमी आई है. बारदाने मुख्य रूप से कोलकाता से आते हैं.”

उन्होंने बताया आगे बताया कि सरकार ने इस समस्या का त्वरित समाधान करते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ने तय तारीख से पहले गेहूं खरीदी प्रक्रिया चालू कर दी. 9 अप्रैल से ही प्रदेश भर में खरीदी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए खंडेलवाल ने कहा, “विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है. वर्ष 2003 से पहले कांग्रेस सरकार के दौरान किसानों से गेहूं किस दर पर खरीदा जाता था और उस समय व्यवस्थाएं कैसी थी? पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कार्यकाल से ही किसानों को अतिरिक्त लाभ देने की परंपरा शुरू हुई, जिसे वर्तमान सरकार भी लगातार आगे बढ़ा रही है. परिस्थितियों के कारण थोड़ी देरी हो सकती है, लेकिन सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है.”
