जबलपुर की सिहोरा जनपद पंचायत में बड़ा घोटाला, सरकारी पैसों का गबन, आजीविका मिशन में लाखों की हेराफेरी, ग्राम संगठन अध्यक्ष और व्यापारी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज

ब्यूरो रिपोर्ट जबलपुर। पंचायत इंडिया न्यूज़

जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में जनपद पंचायत सिहोरा अंतर्गत वित्तीय अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशा देवी पटले द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने पंचशील ग्राम संगठन की अध्यक्ष कंचन नामदेव और व्यापारी विकास जैन के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।

चार सदस्यीय समिति की जांच में हुआ खुलासा
शिकायत पर 4 नवंबर 2025 के आदेश पर चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी, जिसे म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वर्ष 2018 से संचालित संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ), ग्राम संगठनों और स्व सहायता समूहों के वित्तीय लेनदेन की समीक्षा करनी थी। विकासखंड सिहोरा के वसुंधरा सीएलएफ की जांच के दौरान दस्तावेजों और बैंक स्टेटमेंट का गहन परीक्षण किया गया।

बैंक खातों से नियम विरुद्ध तरीके से निकाली गई राशि
जांच में सामने आया कि पंचशील ग्राम संगठन की अध्यक्ष कंचन नामदेव ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मनमाने तरीके से खाते संचालित किए। उन्होंने स्वयं के नाम 4.20 लाख रुपये, अन्य खातों में 2 लाख रुपये और 40 हजार रुपये नगद निकाले। इसके अलावा अरिहंत रोडलाइंस और विकास जैन के साथ लेनदेन में भी अनियमितताएं पाई गईं।

उपार्जन राशि में हेराफेरी और बीएनएस के तहत कार्रवाई
रिपोर्ट के अनुसार, उपार्जन कार्य की राशि 26.85 लाख रुपये प्राप्त होने के बाद कंचन नामदेव ने विकास जैन को कुल 28.80 लाख रुपये का भुगतान किया। साथ ही राधा स्व सहायता समूह के खाते से भी लाखों रुपये का आहरण किया गया। जांच समिति ने निष्कर्ष निकाला कि अध्यक्ष ने संगठन की राशि का गबन किया है और इसमें विकास जैन की भी संलिप्तता है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!