ब्यूरो रिपोर्ट शिवपुरी। पंचायत इंडिया न्यूज़
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के मायापुर थानांतर्गत ग्राम मुहांसा में रविवार सुबह कुछ लोगों ने सरपंच सहित उसके बेटों और भतीजे पर तलवार, चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सरपंच के एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। भतीजा भी घायल है। झांसी में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपितों पर केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मुहांसा सरपंच राजेंद्र सिंह यादव रविवार सुबह 8:30 बजे अपने बेटे भारतीय किसान संघ खनियाधाना के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष युधिष्ठिर के साथ सिमला पुरवा के आदिवासी मोहल्ला मजदूर बुलाने गए थे।
वहां सड़क पर बाइक खड़ी कर लखन और वीरन आदिवासी से बात करने लगे। तभी गांव का धर्मेंद्र यादव ट्रैक्टर लेकर पहुंचा और रोड पर बाइक खड़ी करने को लेकर गालियां देने लगा। युधिष्ठिर ने मना किया तो धर्मेंद्र ने उसकी बाइक पर ट्रैक्टर को चढ़ा दिया।
विवाद बढ़ा तो परिवार के रामू यादव, कप्तान यादव, सतेंद्र यादव, कमला बाई यादव को भी बुला लिया। हाथों में कुल्हाड़ी, चाकू, तलवार लेकर पहुंचे आरोपितों ने युधिष्ठिर पर हमला कर दिया। सरपंच राजेंद्र बचाने को दौड़ा तो उस पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
बाद में सरपंच का भतीजा अजयपाल व बेटा गंधर्व भी पहुंचे। आरोपितों ने गंधर्व को चाकू और अजयपाल के सिर पर कुल्हाड़ी मार दी। सभी को झांसी ले जाया जा रहा था, लेकिन युधिष्ठिर ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपित धर्मेंद्र, कप्तान सिंह, सतेंद्र सिंह, कमला बाई के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 296, 115(2), 351(3), 3(5) के तहत प्रकरण कायम कर मामले की विवेचना शुरू की है। बताया जा रहा है कि सरकारी जमीन से कब्जा हटवाने को लेकर दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी।
