ब्यूरो रिपोर्ट उज्जैन। पंचायत इंडिया न्यूज़
उज्जैन। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने जिले के पंचायत सचिव सत्यनारायण सेन को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सेन ने रतलाम स्थित मां विंध्यवासिनी ड्रीम सिटी कॉलोनी में स्थित जमीन का नामांतरण और नक्शा पास करने के लिए घूस मांगी थी।लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के अनुसार फरियादी प्रेम जैसवार ने 18 फरवरी 2026 को लोकायुक्त एसपी से शिकायत की थी।
जैसवार ने बताया था कि उन्होंने रतलाम शहर की मां विंध्यवासिनी ड्रीम सिटी कॉलोनी में दो भूखंड क्रमांक B-41 एवं B-96 खरीदे थे। उन्होंने ग्राम पंचायत कनेरी में उक्त भूखंडों का नामांतरण करवाने तथा भवन निर्माण के लिए नक्शा पास करवाने के लिए आवेदन किया। इसके लिए पंचायत सचिव आरोपी सत्यनारायण सेन ने उनसे 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की।लोकायुक्त की टीम द्वारा उक्त शिकायत की तकनीकी आधार पर तस्दीक की गई।
पुष्टि होने पर लोकायुक्त एसपी आनंद यादव के निर्देशानुसार टीम गठित कर आरोपी पंचायत सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार करने की रणनीति बनाई। चूंकि पंचायत सचिव द्वारा आवेदक जैसवार को रिश्वत की राशि लेकर सोमवार को अपने तेजानगर स्थित निवास पर बुलाया था। इसके चलते लोकायुक्त की टीम ने शाम को ही पंचायत सचिव के निवास के आसपास पोजिशन ले ली। रात करीब 8.00 बजे जैसे ही पंचायत सचिव सेन ने जैसवार से रिश्वत के 4500 रुपए लिए और अपनी टेबल पर रखे तभी टीम ने धावा बोल दिया और उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।पंचायत सचिव को रिश्वत लेते ट्रैप करने वाली टीम में लोकायुक्त उज्जैन के डीएसपी दिनेश चंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक श्याम शर्मा, संजीव कुमारिया और इसरार शामिल रहे।
