ग्रामीणों ने पंचायत कार्यों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, बोले-लाखों खर्च होने के बावजूद कार्यों का लाभ नहीं, ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली की जांच की मांग

ब्यूरो रिपोर्ट बीना। पंचायत इंडिया न्यूज़

बीना। बीना जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली गढ़ा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने एसडीएम विजय डेहरिया और सीईओ प्रदीप पाल से शिकायत की है। ग्रामीणों ने पंचायत में कराए गए विभिन्न कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इनकी जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीण आकाश सिंह ठाकुर ने बताया कि ग्राम पंचायत के गोदना और रामनगर गांवों में हुए विकास कार्यों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीसी सड़क, नाली, मुक्तिधाम, पानी की टंकी, घाट निर्माण, सार्वजनिक कुओं की मरम्मत और कचरा संग्रह के लिए बनाए गए नाडेप का निर्माण घटिया गुणवत्ता का है।

आकाश सिंह ठाकुर के अनुसार, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ने मिलकर इन कार्यों को अंजाम दिया है। निर्माण के दौरान तय मानकों और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद उन्हें इन कार्यों का कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

इस संबंध में गढ़ा ग्राम पंचायत के सरपंच संजय उपाध्याय ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और वे पंचायत में कराए गए सभी कार्यों की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!