मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दिव्यांग बच्चों से मिली जन्मदिन की सबसे आत्मीय शुभकामनाएं, बच्चे हाथ के इशारों से बोले- हैप्पी बर्थडे सीएम अंकल, सुनते ही मोहन यादव भाव विह्वल

भोपाल से दीपेश वर्मा की रिपोर्ट। पंचायत इंडिया न्यूज़

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिन पर दी गईं वो सबसे आत्मीय शुभकामनाएं थीं. फूल से बच्चे मुख्यमंत्री निवास में फुलवारी बनकर आए. बोलने और सुनने वालों की दुनिया में अपनी खामोशी तेज़ आवाज़ में दर्ज करा रहे इन बच्चों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को जन्मदिन पर सबसे नायाब तोहफा दिया. हाथों को ज़ुबां बनाया और मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी.

पूरा माहौल बेहद भावुक तब हो गया, जब फाल्गुनी ने अपने मीठे सुर में मुख्यमंत्री मोहन यादव को जन्मदिन पर मंगलकामनाओं का गीत गाया. दोनों हथेलियां लहराते हुए बच्चों ने कहा “हैप्पी बर्थ डे सीएम सर.” मोहन यादव के जन्मदिन पर हुए आयोजनों में ये सबसे आत्मीय आयोजन था. भोपाल की आरुषि संस्था के बच्चे सीएम अंकल को हैप्पी बर्थ डे कहने पहुंचे थे. बोल-सुन नहीं सकते थे लेकिन सबसे ज्यादा शब्द इन्हीं के पास थे. कोरे बेगरज भाव थे, जिसमें उन्होने कभी अपनी ऊंगलियों से दिल बनाया और आसमान की तरफ हाथ लहराकर कहा “आप शतायु हों सीएम अंकल.”

बच्चों के साथ आई फाल्गुनी पुरोहित देख नहीं सकती थी. लेकिन मन की आंखों से पूरे माहौल को गुन रही थी “आज दिन बहुत खुशियों का हम सभी के सितारों का, क्योंकि आज जन्मदिन है हमारे सीएम सर का. हम सबका साथ देने वाले सबको आर्शीवाद देने वाले. आज जन्मदिन है हमारे सीएम सर का.”

सीएम आवास में ‘बहनों की पाती भैया के नाम अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बहनों ने डॉ. मोहन यादव को जन्मदिन की बधाई दी. उसके बाद बहनों ने उन्हें कई तरह के उपहार भी दिए. महिलाओं ने भाई डॉ. मोहन को आशीर्वाद से भरी पाती और गुलदस्ते भेंट किए.

इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा “अभिव्यक्ति कार्यक्रम के माध्यम से बहनों का स्नेह-आशीर्वाद हमारी सरकार को मिला है. सरकार के गठन के बाद ही बहनें इस तरह आशीर्वाद प्रदान कर रही हैं. आज भले ही मैं जन्मदिन की बधाई ले रहा हूं, लेकिन वास्तव में आज बहनों के आशीर्वाद का दिन है. हम अलग से बहनों की पंचायत बुलाएंगे, जिसमें विस्तार से बात होगी.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!